रुद्रपुर में राज्य कर विभाग की बड़ी कार्रवाई: कर चोरी पर कसा शिकंजा, कई वाहन पकड़े गए।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश में “जीरो टॉलरेंस” नीति को सख्ती से लागू करते हुए राज्य कर विभाग ने रुद्रपुर क्षेत्र में एक व्यापक और गोपनीय अभियान चलाया।

इसके साथ ही आयुक्त महोदया के निर्देशन में रुद्रपुर, किच्छा एवं काशीपुर की प्रवर्तन इकाइयों द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कर चोरी में लिप्त व्यक्तियों एवं ट्रांसपोर्टरों के विरुद्ध अधिनियम के प्रावधानों के तहत जुर्माना एवं अर्थदण्ड की सख्त कार्यवाही की जाएगी।

इस अभियान के तहत दिल्ली से रुद्रपुर और हल्द्वानी तक माल परिवहन करने वाले संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी गई और उत्तराखंड सीमा में प्रवेश करते ही उन्हें पकड़ लिया गया।

(वि.अनु.शा.) एवं प्रवर्तन, राज्य कर रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने टोल प्लाजा की निगरानी करते हुए “राउंड द क्लॉक” चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान किच्छा सचल दल ने आकर्ष ट्रांसपोर्ट के एक वाहन को रोका, जबकि रुद्रपुर सचल दल ने सोमेश्वर लॉजिस्टिक्स की एक गाड़ी समेत आकर्ष दिल्ली ट्रांसपोर्ट से जुड़े कुल तीन वाहनों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

जांच के दौरान किच्छा में स्क्रैप से भरा एक वाहन तथा रुद्रपुर में वेजिटेबल ऑयल से भरा एक टैंकर जांच के लिए रोका गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों द्वारा माल परिवहन की निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन किया जा रहा था।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व उपायुक्त (वि.अनु.शा) विनय ओझा ने किया। उनके निर्देशन में गठित टीम में सहायक आयुक्त जीशान मलिक, प्रदीप चंद्र, राज्य कर अधिकारी सतीश पाल सिंह, सोम पाल, मिनिष भट्ट और मुकेश पांडेय सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

कार्रवाई के दौरान अब तक वेजिटेबल ऑयल पर ₹13.00 लाख और स्क्रैप पर ₹2.75 लाख की धनराशि जमा कराई जा चुकी है। अन्य पकड़े गए वाहनों का भौतिक सत्यापन अभी जारी है और विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
राज्य कर विभाग की इस सख्त कार्रवाई से कर चोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है और साफ संदेश दिया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!