बिजनौर – समाजवादी आंदोलन पार्टी के दौलतपुर बिल्लौच, नूरपुर स्थित जिला कार्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नूरपुर के पूर्व नगर पालिका प्रत्याशी डॉ. एहतेशाम अहमद अंसारी ने की, जबकि संचालन नगीना के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी धर्मवीर सिंह दिवाकर ने किया।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।


गांधी के योगदान को किया याद
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अकबर नबी इदरीसी ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सत्य तथा अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने देश के विकास और किसानों के हितों को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनका ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देशवासियों को आज भी प्रेरणा देता है।
अकबर नबी इदरीसी ने वर्तमान परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के सपनों का भारत बनाने के लिए उनके आदर्शों और विचारों पर चलने की जरूरत है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोहम्मद रफी मिकरानी, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वसीम सिद्दीकी, डॉ. आरिफ सिद्दीकी, तस्लीम अहमद, मोहम्मद सलमान, रिहान फारूकी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Skip to content










