जिला मुख्यालय – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ की प्रस्तुति से माहौल भावपूर्ण हो गया।
महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी सत्य और अहिंसा के विचारों एवं अपने आचरण के माध्यम से पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत बने।


उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार हमेशा अनुकरणीय रहेंगे। प्रत्येक व्यक्ति को सत्य का साथ देते हुए अपनी सोच और वाणी को सकारात्मक रखना चाहिए। गांधी जी ने समाज में अनेकता में एकता की भावना को मजबूत करने के साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ धैर्यपूर्वक कार्य किया।
डीएम ने कहा कि गांधी जी ने देश को एकजुट करने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करना चाहिए, क्योंकि कर्म ही पूजा है।
अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी
जिलाधिकारी ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। तभी समाज का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने गांधी जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति की कथनी और करनी में समानता होनी चाहिए।
युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील
लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश के समग्र विकास की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा आगे बढ़ेगा और किसान खुशहाल होंगे, तभी देश विकास की नई गाथा लिख सकेगा।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम में अपर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, ओसी हिमांशु कफल्टिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Skip to content










