धान खरीद में देरी पर भड़के किसान, खटीमा मंडी का गेट बंद कर दिया धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

खटीमा, ऊधमसिंह नगर – धान खरीद शुरू होने में देरी को लेकर किसानों का आक्रोश शुक्रवार को सामने आ गया। किसानों ने खटीमा गल्ला मंडी का मुख्य गेट बंद कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि प्रशासन की ओर से 1 अक्टूबर से धान खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय समय पर खरीद शुरू नहीं होने से उन्हें अपनी फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है

सूचना मिलने पर एसडीएम तुषार सैनी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और उन्हें जल्द खरीद प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से 5 अक्टूबर से धान की तौल शुरू कराने का भरोसा दिए जाने के बाद किसानों ने धरना स्थगित कर दिया।

खरीद में देरी पर उठाए सवाल

भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष गुरसेवक सिंह ने धान खरीद में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही अपनी फसल बेचने को लेकर परेशान हैं। ऐसे में खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं होने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ रही हैं।

पोर्टल पर पंजीकरण में तकनीकी अड़चन

एसएमआई किशन चंद आर्या ने बताया कि सरकारी निर्देशों के अनुसार धान बेचने के लिए किसानों का पोर्टल पर पंजीकरण होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण किसानों के पंजीकरण में दिक्कत आ रही है, जिसके चलते खरीद प्रक्रिया प्रभावित हुई है।

84 क्रय केंद्र खोले गए

मंडी सचिव ललित मोहन पांडे ने बताया कि खटीमा क्षेत्र में किसानों की सुविधा के लिए 84 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों की धान की फसल खरीदने की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें फसल बेचने के लिए परेशानी न हो।

फिलहाल किसानों की नजर अब 5 अक्टूबर पर टिकी है। प्रशासन के आश्वासन के अनुसार यदि निर्धारित तिथि से धान की तौल और खरीद शुरू होती है तो किसानों को राहत मिलेगी। वहीं, खरीद प्रक्रिया में फिर देरी होने की स्थिति में किसानों की ओर से दोबारा आंदोलन किए जाने की संभावना बनी हुई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!