रुद्रपुर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने तड़के विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। आबकारी आयुक्त के आदेश और अपर आबकारी आयुक्त के निर्देशन में क्षेत्र-1 रुद्रपुर एवं कुमाऊं मंडल प्रवर्तन दल ने रायपुर भट्ठा के पास नाले में दबिश देकर अवैध शराब बनाने के ठिकाने का भंडाफोड़ किया।

आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह और मुख्यालय के आबकारी निरीक्षक सुजात हसन के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई के दौरान मौके पर कच्ची शराब बनाने वाली पांच जलती भट्टियां पकड़ीं। टीम ने शराब बनाने में इस्तेमाल उपकरणों को कब्जे में लेने के साथ मौके पर करीब 10,500 किलोग्राम लहन नष्ट किया।

125 लीटर कच्ची शराब बरामद

कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में तलाशी लेने पर टीम ने 100 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने रिंकू सिंह पुत्र गुरदीप सिंह, निवासी रायपुर, थाना रुद्रपुर के कब्जे से 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की। उसके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

आबकारी विभाग के अनुसार, पूरी कार्रवाई में कुल 125 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!