नैनीताल – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में राजस्व वादों, कानून व्यवस्था, स्वच्छता, सरकारी भूमि संरक्षण और अवैध शराब की रोकथाम सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
वाहनों के सुव्यवस्थित उपयोग और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में विभिन्न तहसीलों और विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।


बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न न्यायालयों और राजस्व मामलों में लंबित वादों की समीक्षा करते हुए कहा कि पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आयोगों से संबंधित जांच रिपोर्टों को समयबद्ध ढंग से प्रेषित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को नियमित तहसील निरीक्षण करने और निरीक्षण रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही सरकारी भूमि के संरक्षण को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
खनिज प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने डिग्री स्तर के विद्यार्थियों को आईटीआर, जीएसटी एवं अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बालिकाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने पर जोर दिया।
नगर निकायों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने नगरीय और पैरी-अर्बन क्षेत्रों में “राउंड द क्लॉक” स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक मात्रा में कूड़ा उत्पन्न करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों की निगरानी की जाए तथा नियमों के अनुरूप कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने मच्छरों के लार्वा नियंत्रण के लिए समय रहते आवश्यक अभियान चलाने तथा ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए।
आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गोपनीय रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने दैवीय आपदा और खनिज न्यास से जुड़े पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता की थर्ड पार्टी जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सौरभ असवाल सहित सभी उपजिलाधिकारी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Skip to content










