सितारगंज – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने रविवार को सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के शक्तिफार्म को सिडकुल से जोड़ने हेतु सिसौना नदी पर बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। लगभग 11 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शक्तिफार्म पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। पुल बनने के बाद शक्तिफार्म से सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी करीब 9 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि यह सेतु क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम आवागमन के साथ-साथ आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति देगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है, जहां मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज़ का निर्माण होगा। वहीं प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिसका 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्तिफार्म क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, जलभराव से निपटने के लिए आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विभिन्न मोटर मार्गों और मल्टीस्टोरी पार्किंग के निर्माण पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उधमसिंह नगर जनपद में चल रही अन्य विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाईअड्डा विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गदरपुर और खटीमा में बाईपास निर्माण, बस अड्डों का विकास, खेल स्टेडियम, एथलेटिक्स ट्रैक और विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जमरानी बांध परियोजना के माध्यम से तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य कर रही है। साथ ही गन्ना किसानों के हित में समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी भी की गई है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा लागू समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानूनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा अवैध गतिविधियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री Saurabh Bahuguna ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया जा चुका है और शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण किए जाएंगे। उन्होंने शक्तिफार्म में निर्माणाधीन एक्वा पार्क और आंचल मल्टी दुग्ध प्लांट के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Skip to content










