नैनीताल- जनपद नैनीताल के कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान और शटल सेवा व्यवस्था लागू की है। इसका उद्देश्य यातायात को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना है। पुलिस के अनुसार शनिवार और रविवार को इन क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा। अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़–मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी की ओर भेजा जाएगा, ताकि कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम हो सके। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से संचालित होते रहेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार मस्जिद तिराहा भवाली से पहले रोका जा सकता है या उन्हें रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
भीमताल मार्ग से निजी वाहनों से आने वाले पर्यटकों के लिए वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। इसी प्रकार नैनीताल और गेठिया मार्ग से आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से भी यात्रियों को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम मंदिर दर्शन के लिए भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वीकेंड के दौरान लागू किए गए ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।



Skip to content











