नैनीताल- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तल्लीताल पुलिस ने पायलट बाबा आश्रम में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को पायलट बाबा आश्रम के सेवादार सम्पूर्णानन्द त्रिपाठी ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर बताया कि आश्रम के पूर्व सेवादार संजू और दीपक कुमार ने 9 मार्च की रात मंदिर की खिड़की तोड़कर दानपात्र से नगदी चोरी कर ली। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देश पर सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भूमियाधार माता मंदिर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कार्की उर्फ संजू (20 वर्ष) और दीपक कुमार (21 वर्ष) निवासी रानीबाग, काठगोदाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ₹1,324 (नोट और सिक्के) बरामद किए हैं। मामले में थाना तल्लीताल में मुकदमा संख्या 12/2026 धारा 305/331(4) तथा विवेचना के दौरान धारा 317(2)/3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा, उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय, कांस्टेबल राजेंद्र जोशी और कांस्टेबल पदम सिंह शामिल रहे।



Skip to content











