भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम सभा बड़ोंन में वर्षों से चली आ रही हाईस्कूल के इंटरमीडिएट में उच्चीकरण की मांग आखिरकार पूरी हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकृति के बाद बड़ोंन हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण किया गया। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विद्यालय के उच्चीकृत स्वरूप का उद्घाटन किया।
ग्रामीण लंबे समय से विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार हाईस्कूल के बाद विद्यार्थियों को इंटर की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता था। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और आवागमन की समस्या के कारण विशेष रूप से छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा से वंचित भी होना पड़ता था।


ग्रामीणों ने इस समस्या को मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखा था। मंत्री ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए और मुख्यमंत्री से भी मांग रखी। इसके बाद बड़ोंन हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया गया। विद्यालय में कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ कक्षाओं का संचालन भी शुरू हो गया है।
विद्यालय के उच्चीकरण पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया तथा आभार जताया। मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का भी आभार व्यक्त किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने का है। दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके घर के नजदीक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बहुउद्देशीय शिविर में 43 समस्याओं का समाधान
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। शिविर में करीब 350 लोगों ने प्रतिभाग किया। प्राप्त 45 समस्याओं में से 43 का मौके पर ही समाधान किया गया।
मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़े। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ भी लिया।

Skip to content









