नंदा-सुनंदा महोत्सव में नैनीताल पुलिस की मानवीय पहल, 86 लोगों को अपनों और सामान से मिलाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – ऐतिहासिक मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव में नैनीताल पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा के लिए भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में मेले में बनाए गए खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम के माध्यम से अब तक 86 लोगों को सहायता उपलब्ध कराई गई है।

57 बिछड़ों को मिलाया अपनों से

मेले के दौरान परिवार से बिछड़े 10 बुजुर्गों और 47 बच्चों को पुलिस की खोया-पाया टीम ने सकुशल उनके परिजनों से मिलाया। अपनों से मिलने के बाद बच्चों, बुजुर्गों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

इसके अलावा मेले में गुम हुए 29 लोगों के पर्स, चाबी, मोबाइल, नकदी, बैग और अन्य सामान को पुलिस ने बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किया। सामान वापस मिलने पर श्रद्धालुओं ने पुलिस का आभार जताया।

मेले में चप्पे-चप्पे पर निगरानी

महोत्सव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के साथ सीओ नैनीताल अंजना नेगी एवं सीओ भवाली रविकांत सेमवाल लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

मेले में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ और सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

कंट्रोल रूम से लगातार हो रही अनाउंसमेंट

मेला कंट्रोल रूम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को अपने सामान की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने तथा छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की जा रही है।

खोया-पाया टीम बनी श्रद्धालुओं की मददगार

खोया-पाया केंद्र एवं कंट्रोल रूम में तैनात एएसआई किरण गोस्वामी, एएसआई जगजीवन सिंह, हेड कांस्टेबल नीलम और हेड कांस्टेबल निहाल लगातार श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हैं। टीम द्वारा अनाउंसमेंट के साथ बिछड़े परिजनों और खोए सामान को उनके स्वामियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने की खरीदारी

मेले में स्थानीय और दूर-दराज से पहुंचे व्यापारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने भी विभिन्न दुकानों से खरीदारी की। अधिकारियों की इस पहल से स्थानीय व्यापारियों में भी उत्साह देखने को मिला। नैनीताल पुलिस का कहना है कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!