बाजपुर – विदेशी साइबर अपराधियों की कॉल को भारतीय मोबाइल नंबरों के जरिए सामान्य कॉल में बदलने के आरोप में साइबर थाना पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं ने बाजपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के किराये के कमरे से दो 32-स्लॉट सिम बॉक्स, 114 एयरटेल सिम, 77 एंटीना सहित कई टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार संचार मंत्रालय से मिले एक पत्र के आधार पर 72 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान बाजपुर के एक सिम विक्रेता से पूछताछ की गई, जिसमें कादिर का नाम सामने आया। आरोप है कि वह अलग-अलग लोगों के दस्तावेजों पर लिए गए सिम विक्रेता से प्राप्त करता था।


इनपुट के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने सोमवार देर रात बाजपुर के मुड़िया क्षेत्र में ईदगाह के पास स्थित एक किराये के कमरे में दबिश दी। मौके से 24 वर्षीय कादिर पुत्र जाबिर अली निवासी मिलक जुम्मावाली, बेरखेड़ा चक, थाना भगतपुर, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
सिम बॉक्स के जरिए कॉल बदलने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कादिर ने इंटरनेट के माध्यम से विदेश से आने वाली कॉल को सिम बॉक्स में लगे भारतीय मोबाइल सिम के जरिए सामान्य मोबाइल कॉल में बदलने की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बांग्लादेश निवासी शाहिद के संपर्क में होने और इसके एवज में हर महीने करीब 50 हजार रुपये मिलने की बात बताई है। पुलिस इन दावों और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बड़ी संख्या में टेलीकॉम उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपी के कमरे से दो 32-स्लॉट सिम बॉक्स, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम, एयरटेल इंटरनेट राउटर, सैमसंग ए35 मोबाइल, लेन/यूएसबी केबल, एसी एडॉप्टर, फाइबर वायर, मीडिया कन्वर्टर और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अब बरामद सिम कार्ड से हुई कॉल का विवरण खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन नंबरों के जरिए किन-किन लोगों से संपर्क किया गया और नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, टीम काफी समय से इस नेटवर्क पर काम कर रही थी और दूरसंचार विभाग (डीओटी) के संपर्क में थी। प्राप्त इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाजपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Skip to content










