हल्द्वानी – शहर के प्रतिष्ठित बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दो होनहार विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से विद्यालय का नाम रोशन किया है। दोनों छात्रों का चयन इंस्पायर अवार्ड–मानक 2025–26 के लिए हुआ है, जो भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की भावना को प्रोत्साहित करना है।
विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा कनिका कनवाल ने “उपकरणों के लिए संशोधित हैंडल” विषय पर अपना अभिनव विचार प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 10 के छात्र आरुष सिंह गैड़ा ने “गन्ना तना काटने की मशीन” से जुड़ा एक उपयोगी और व्यावहारिक प्रोजेक्ट तैयार किया। दोनों विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट के विस्तृत ब्लूप्रिंट प्रस्तुत किए, जो उनकी रचनात्मक सोच और तकनीकी समझ को दर्शाते हैं।


इस योजना के तहत चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को अपने प्रोजेक्ट का कार्यशील मॉडल (प्रोटोटाइप) तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने विचार को व्यवहारिक रूप दे सकेंगे।
विद्यालय की संस्थापक प्रबंधक निरूपमा भट्ट तलवार, प्रबंधक तिलक राज तलवार, प्रधानाचार्या मीना सती तथा उप-प्रधानाचार्य एच. एस. बब्बर ने इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यालय के शिक्षकों ने भी इसे गर्व का क्षण बताते हुए विद्यार्थियों की इस सफलता को प्रेरणादायक बताया।

Skip to content










