भीमताल मल्लीताल बाजार में चोरी, ट्रांसपोर्ट से आया व्यापारी का माल ले उड़ा चोर, CCTV में कैद……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भीमताल- उत्तराखण्ड के भीमताल क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है। मल्लीताल बाजार में ट्रांसपोर्ट के माध्यम से आया एक दुकानदार का एलईडी टीवी व अन्य सामान तड़के सवेरे चोरी हो गया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, मल्लीताल बाजार में एक दुकानदार की दुकान के लिए ट्रांसपोर्ट से एलईडी टीवी और अन्य सामान भेजा गया था। दुकान बंद होने के कारण ट्रांसपोर्टर ने सामान रोज़ की तरह दुकान के बाहर रख दिया और आगे निकल गया। आमतौर पर आढ़ती फोन पर सूचना देकर सामान ट्रांसपोर्ट के माध्यम से सवेरे या दोपहर में दुकानों तक भिजवा देते हैं, और बंद दुकान होने पर माल बाहर ही रख दिया जाता है।

तड़के सवेरे भी ऐसा ही हुआ, लेकिन इस बार सामान पर चोर की नज़र पड़ गई। जब दुकानदार ने दुकान खोली तो मंगाया गया सामान मौके पर नहीं मिला। आढ़ती से संपर्क करने पर पता चला कि सामान तो सवेरे ही दुकान के बाहर रख दिया गया था।

चोरी की आशंका के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में सुबह करीब 7 बजे सफेद स्वेटशर्ट पहने एक व्यक्ति सामान के आसपास मंडराता हुआ दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह व्यक्ति एक पोटली में सामान भरकर मौके से चलता बनता नजर आया।

घटना के बाद व्यापारियों ने संदिग्ध के सड़क से गुजरते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!