धामी सरकार की जनकल्याणकारी पहल: ओखलकांडा में लगा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुद्देशीय शिविर, 475 लोगों को मिला सीधा लाभ
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकांश का मौके पर समाधान
ओखलकांडा (भीमताल), 5 जनवरी 2026


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आमजन तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जनपद नैनीताल के विकासखंड कार्यालय ओखलकांडा में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्वयं क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शिविर के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व वन्यजीव समस्या प्रमुख मुद्दे
शिविर में पेयजल, जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य, सड़क निर्माण की गुणवत्ता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं, कूड़ा निस्तारण तथा आदमखोर तेंदुए के बढ़ते आतंक से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पशुपालन और वन विभाग को सख्त निर्देश
पशु चिकित्सा केंद्रों में चिकित्सकों की तैनाती, भवन मरम्मत और मृत पशुओं के बीमा लाभ न मिलने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सचिव पशुपालन से पत्राचार कर शत-प्रतिशत बीमा लाभ सुनिश्चित कराने और पशु चिकित्सकों का रोस्टर बनाकर सेवाएं देने के आदेश दिए।
वन्यजीव समस्या पर वन विभाग को गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने और चारा वितरण के निर्देश दिए गए। महिलाओं को जंगल न जाना पड़े, इसके लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर घर-घर चारा उपलब्ध कराने को कहा गया।
पेयजल, सड़क व शिक्षा पर जीरो टॉलरेंस
जल जीवन मिशन के तहत नलों में पानी न आने और विद्यालयों में पेयजल समस्या पर पेयजल निगम व जल संस्थान को फटकार लगाई गई। सभी विद्यालयों में 15 दिन के भीतर पेयजल संयोजन के निर्देश दिए गए।
पीएमजीएसवाई सड़कों की खराब गुणवत्ता पर जांच, सामग्री की लैब टेस्टिंग और दोषी अभियंता/ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए गए।
विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, शौचालय व खेल मैदान निर्माण पर प्राथमिकता से कार्य कराने के निर्देश मुख्य शिक्षा अधिकारी को दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्ती
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में लंबे समय से अनुपस्थित एएनएम व कार्यालय सहायक के विरुद्ध गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आशा व एएनएम को रोस्टर अनुसार टीकाकरण सुनिश्चित करने और कड़ी मॉनिटरिंग के आदेश दिए गए।
475 लोगों ने लिया शिविर का लाभ
शिविर में कुल 475 लोगों ने विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य विभाग: 72 मरीजों का उपचार
आयुर्वेद: 109, होम्योपैथी: 49
पशुपालन: 20 लाभार्थी
उद्यान: 25, कृषि: 32
सहकारिता: 15
ग्राम्य विकास: 106 बीपीएल प्रमाण पत्र
बाल विकास: 10 लाभार्थी
श्रम विभाग: 22 श्रमिक
सेवायोजन: 2 आवेदन पंजीकरण
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की उपस्थिति
शिविर में विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, दायित्वधारी शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख डी. रुबाली, जिला पंचायत सदस्य डीगर मेवाड़ी, उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट, तहसीलदार मनीषा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी देशराज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Skip to content











