हल्द्वानी – दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), हल्द्वानी में नवरात्रि के दूसरे दिन कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर-सदनीय गरबा एवं दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग कर भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
गरबा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं, दही हांडी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने टीम भावना, आपसी तालमेल और उत्साह का परिचय दिया। दोनों प्रतियोगिताओं में सदनों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

गरबा प्रतियोगिता में यमुना सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गंगा सदन द्वितीय, सतलुज सदन तृतीय और चेनाब सदन चतुर्थ स्थान पर रहा। वहीं, दही हांडी प्रतियोगिता में गंगा सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया। यमुना सदन द्वितीय, सतलुज सदन तृतीय और चेनाब सदन चतुर्थ स्थान पर रहा।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जागरूकता, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला। विद्यालय प्रबंधन ने प्रतिभागियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता सदनों को बधाई दी।











