Breaking News

ज्योलीकोट के पास दीपावली के सामान से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

पटाखों जैसी तेज आवाज से मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल कर्मियों ने मिलकर संभाला मोर्चा

नैनीताल – नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योलीकोट के पास मंगलवार तड़के दीपावली के सामान से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग के दौरान पटाखों जैसी तेज आवाजें सुनाई देने से सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए सड़क के दोनों ओर वाहनों को कुछ दूरी पर रोक दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक हल्द्वानी से अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट की ओर जा रहा था। ट्रक में खाद्य सामग्री, पेंट, वाशिंग मशीन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत दीपावली से संबंधित अन्य सामान लदा हुआ था। ज्योलीकोट के पास पहुंचने पर अज्ञात कारणों से ट्रक में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आग के बीच पटाखों जैसी तेज आवाजें आने के कारण लोगों को आशंका हुई कि ट्रक में पटाखे भी लदे हो सकते हैं।

घटना की सूचना दमकल विभाग और ज्योलीकोट पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं। इससे पहले स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को बाहर निकालने में मदद की। आग इतनी भीषण थी कि ट्रक में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में हुए नुकसान का सही आकलन नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों और बचाव दल ने निभाई अहम भूमिका

आग बुझाने और राहत कार्य में स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों तथा दमकल विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय निवासी पूरन, अंशु, सचिन, भीम रावत, सुमित और पुष्कर जोशी ने सहयोग किया। वहीं, पुलिसकर्मी प्रदीप सिंह, मलकीत कंबोज और अनूप सिंह के साथ दमकल विभाग के हरनाम राणा, महेश जोशी, मोहन सिंह, वीरेश कुमार और जितेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मियों ने भी आग पर काबू पाने के प्रयास किए।

घटना के दौरान स्थानीय लोगों और राहत दल की तत्परता से बचाव कार्य में मदद मिली। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस घटना के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!