हल्द्वानी – शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस और कुमाऊं परिक्षेत्र की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने एक युवक को 190 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में 12 अक्टूबर 2026 को संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान पुलिस और ANTF की टीम ने गौला पार्किंग में जलाल शाह बाबा की मजार के पीछे से एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अदनान कुरैशी उर्फ खुजाट (23) पुत्र अयूब कुरैशी, निवासी वारसी मदरसे के पीछे, लाइन नंबर 17, बनभूलपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद लाल रंग के बैग की तलाशी ली तो उसमें 95 बुप्रेनॉर्फिन (BI NORPHINE) इंजेक्शन और 95 एविल (फेनिरामाइन मैलेट) इंजेक्शन बरामद हुए। इस तरह कुल 190 इंजेक्शन बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 170/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
बनभूलपुरा पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। वहीं, ANTF कुमाऊं परिक्षेत्र की टीम में उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल रहे।












