Breaking News

बागेश्वर में डीएम का औचक निरीक्षण, कार्यालयों में मचा हड़कंप — कार्यशैली में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर, 12 जून। जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा गुरुवार को बागेश्वर तहसील कार्यालय सहित कई विभागीय दफ्तरों का औचक निरीक्षण किया गया। डीएम के अचानक पहुंचे निरीक्षण से कार्यालयों में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण में तहसीलदार न्यायालय, राज्य कर विभाग, वरिष्ठ अभियोजन कार्यालय, आरके सेक्शन, रजिस्ट्रार ऑफिस और जन आधार केंद्र जैसे कई महत्वपूर्ण अनुभाग शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की जांच के साथ विभिन्न पंजिकाओं की समीक्षा की। उन्होंने समय पर उपस्थिति और ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश दिए, यह स्पष्ट करते हुए कि लापरवाही या गैरहाजिरी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जन आधार केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीएम ने आम नागरिकों से बातचीत की और प्रमाण पत्र निर्माण प्रक्रिया की जानकारी भी ली।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि जन सेवा की भावना, कर्तव्यनिष्ठा, और सादगीपूर्ण कार्य प्रणाली ही एक उत्तरदायी प्रशासन की पहचान होती है। जिलाधिकारी ने कार्यालय कार्यप्रणाली को डिजिटल, पारदर्शी और कार्यकुशल बनाने पर बल दिया और निर्देश दिए कि फाइलों की गति नियमित रहे, कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

निरीक्षण के दौरान डीएम भटगांई ने पेयजल, अग्निशमन उपकरणों जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने जहाँ-जहाँ खामियां पाईं, संबंधित विभागों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता को त्वरित, सरल और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण उपरांत उन्होंने पुस्तकालय में छात्रों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान उपजिलाधिकारी मोनिका और तहसीलदार दलीप सिंह भी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!