मुकेश बोरा की मेहनत रंग लाई, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लगाई 43 पदोन्नतियों पर मुहर….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआँ के कर्मचारियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। बीते 14 वर्षों से लंबित कर्मचारियों की पदोन्नति संबंधी मांग पर आखिरकार सरकार ने मुहर लगा दी है।

दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के 43 पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति को स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि “दुग्ध संघ दो कदम चलेगा, तो सरकार पाँच कदम उसके साथ चलेगी।”

यह निर्णय संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की लगातार पहल और कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों का परिणाम माना जा रहा है। दुग्ध संघ का एक प्रतिनिधिमंडल, अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में शनिवार को देहरादून में मंत्री सौरभ बहुगुणा से शिष्टाचार भेंट करने पहुँचा था, जहाँ कर्मचारियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और प्रस्ताव मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बैठक की सबसे बड़ी उपलब्धि रही कि पिछले 14 वर्षों से लंबित 43 कर्मचारियों की पदोन्नति के प्रस्ताव पर मंत्री ने तत्काल सहमति दे दी।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मंत्री के समक्ष कर्मचारियों और दुग्ध उत्पादकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण माँगें भी रखीं, जिनमें पर्वतीय क्षेत्रों में महिला डेयरी सचिवों को दिया जाने वाला मानदेय 50 पैसे से बढ़ाकर 1 रुपया प्रति लीटर करने तथा मैदानी क्षेत्र के सचिवों को पर्वतीय क्षेत्र की भांति समान मानदेय देने का प्रस्ताव प्रमुख रहा।

इसके अतिरिक्त उन्होंने महंगाई भत्ते की पुरानी व्यवस्था बहाल करने, वर्ष 2016 से 2019 तक के सातवें वेतनमान के एरियर को अनुमन्य करने, एक लाख लीटर दुग्ध हैंडलिंग क्षमता के अनुरूप स्टाफिंग पैटर्न लागू करने और अत्याधुनिक एन.डी.डी.बी. प्लांट में मशीनरी की विशेषज्ञ स्थापना जैसे अहम मुद्दे उठाए।

मंत्री बहुगुणा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार दुग्ध क्षेत्र में सुधार और कर्मचारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “दुग्ध क्षेत्र किसानों और कर्मचारियों दोनों की रीढ़ है, सरकार हर संभव सहयोग करेगी। संघ यदि आगे बढ़ेगा तो सरकार उसके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी।”

संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मंत्री के सकारात्मक रुख पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा दिया गया भरोसा न केवल हमारे कर्मचारियों बल्कि किसानों के लिए भी अत्यंत उत्साहवर्धक है। यह निर्णय हजारों दुग्ध उत्पादकों और कर्मचारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला साबित होगा।” उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ और सरकार के संयुक्त प्रयासों से राज्य के दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकेगा।

उन्होंने मंत्री बहुगुणा का आभार जताते हुए कहा कि इतने वर्षों बाद कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलने जा रहा है, जिससे सभी में नया जोश और उत्साह है। संघ के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि अन्य शेष लंबित मांगों पर भी सरकार जल्द निर्णय लेगी।

भेंट के दौरान संघ के वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेन्द्र सिंह राणा, खलील अहमद, शांति कोरंगा, मुन्नी आर्या, मोहन जोशी, कमलेश कुमार, रमेश मेहता, रमेश आर्या, विपिन तिवारी, हेमन्त पाल, मीना रौतेला, राजू दुम्का सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।

माना जा रहा है कि दुग्ध विकास विभाग में यह निर्णय न केवल नैनीताल आँचल दुग्ध संघ के लिए बल्कि पूरे प्रदेश के दुग्ध कर्मचारियों के लिए राहत और भरोसे का नया अध्याय साबित होगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!