रामनगर – अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं तथा पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली कि 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश विशाल पासवान अपने एक साथी के साथ चोरपानी क्षेत्र के पास मौजूद है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में घेराबंदी की और एक खाली मैदान से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम टांडा मल्लू निवासी विशाल पासवान तथा ग्राम बसई निवासी अनुज रावत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार विशाल पासवान लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ रामनगर कोतवाली में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी से लगातार बचने के कारण पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं और उनके संपर्क किन अन्य अपराधियों से जुड़े हुए हैं।
शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
इस अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, पीरुमदारा चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक गणेश जोशी, कांस्टेबल महबूब आलम, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल विजेंद्र सिंह, कांस्टेबल गगन भंडारी तथा कांस्टेबल भानु प्रताप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Skip to content










