भरतपुरी में बाढ़ सुरक्षा कार्यों को मिली रफ्तार, 69.48 लाख की योजना पर जल्द शुरू होगा काम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रामनगर – आगामी वर्षाकाल और संभावित बाढ़ आपदा को देखते हुए भरतपुरी वार्ड संख्या-2 में बाढ़ सुरक्षा कार्यों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। सिंचाई विभाग द्वारा स्वीकृत 69.48 लाख रुपये की बाढ़ सुरक्षा योजना की निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को वन विभाग एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।

नगरपालिका सभासद राहुल रावत ने बताया कि भरतपुरी वार्ड का पूर्वी छोर कोसी नदी से सटा हुआ है, जिसके कारण बरसात के मौसम में यहां बाढ़ का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत के माध्यम से शासन के समक्ष बाढ़ सुरक्षा कार्यों की मांग उठाई थी।

उन्होंने बताया कि शासन द्वारा मांग को स्वीकृति देते हुए लगभग 69.48 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। इसके बाद सिंचाई विभाग ने योजना की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब जल्द ही धरातल पर कार्य शुरू किया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

सभासद राहुल रावत ने बताया कि इसके अतिरिक्त नगरपालिका परिषद की ओर से भी लगभग 25 लाख रुपये की धनराशि बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है। संबंधित विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलते ही अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या-2 के जल संस्थान क्षेत्र से शिव मंदिर मोहल्ला, कौशल्यपुरी और भरतपुरी तक बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान की स्थिति उत्पन्न न हो।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान रामनगर वन प्रभाग की उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) कामिनी आर्य, सभासद राहुल रावत, सिंचाई विभाग के उप प्रभागीय अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता रविंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यस्थलों का निरीक्षण कर जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराने पर सहमति जताई।

और पढ़ें

error: Content is protected !!