बेलपड़ाव में चौकीदार पर जानलेवा हमला, अचेत हालत में गड्ढे से मिला घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रामनगर – रामनगर क्षेत्र में एक चौकीदार पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि बेलपड़ाव क्षेत्र में स्थित एक बगीचे में चौकीदारी कर रहे व्यक्ति को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया और मृत समझकर झाड़ियों से घिरे गड्ढे में फेंक दिया गया। घटना के बाद घायल को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रामनगर के चोरपानी निवासी आनंद सिंह नेगी पुत्र हयात सिंह नेगी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका एक बगीचा बंदरजूड़ा, बेलपड़ाव क्षेत्र में स्थित है। बगीचे की देखरेख का जिम्मा उनके ठेकेदार नदीम निवासी गूलरघट्टी के पास है। नदीम ने बगीचे की रात की चौकीदारी के लिए छोटे लाल पुत्र हीरा लाल को नियुक्त किया हुआ था।

आरोप है कि गुरुवार रात बंदरजूड़ा निवासी घनश्याम पुत्र मोहन सिंह, जो बगीचे के पड़ोस में रहता है, ने किसी बात को लेकर छोटे लाल के साथ मारपीट की। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने छोटे लाल को लाठी-डंडों से इस कदर पीटा कि उसे मृत समझ लिया और बाद में पास ही स्थित एक गड्ढे में फेंक दिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब रात में राम अवतार नामक व्यक्ति छोटे लाल को खाना देने के लिए बगीचे में पहुंचा। वहां छोटे लाल के नहीं मिलने पर उसने ठेकेदार नदीम को इसकी सूचना दी। इसके बाद नदीम मौके पर पहुंचा और काफी तलाश करने के बावजूद जब छोटे लाल का पता नहीं चला तो उसने डायल-112 पर सूचना दी तथा बगीचे के मालिक आनंद सिंह नेगी को भी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर आनंद सिंह नेगी, राम अवतार तथा अन्य स्थानीय लोगों ने आसपास क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद छोटे लाल झाड़ियों से घिरे एक गड्ढे में अचेत अवस्था में मिला। इसके बाद उसे तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति में कुछ सुधार हुआ। चिकित्सकों ने उसका मेडिकल परीक्षण कर आगे उपचार के लिए भर्ती करने की सलाह दी।

पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पीरूमदारा पुलिस चौकी प्रभारी राजवीर नेगी ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!