निरोगी तन, निर्मल मन और जागृत आत्मा के संदेश के साथ मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – ‘निरोगी तन, निर्मल मन और जागृत आत्मा’ के पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यापक योग एवं आध्यात्मिक चेतना अभियान का आयोजन किया जा रहा है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आयोजित यह अभियान मानव कल्याण, समग्र स्वास्थ्य और आत्मिक जागरूकता को समर्पित है।

इसी क्रम में संत निरंकारी मिशन शाखा हल्द्वानी एवं आयुष योग एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘वन वर्ल्ड, वन हेल्थ’ की भावना पर आधारित यह कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे से 7:45 बजे तक जगदम्बा नगर स्थित श्री श्री गणपति बैंक्वेट हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम में योगाचार्या पाला मेहता के निर्देशन में योगाभ्यास कराया जाएगा।

संत निरंकारी मिशन के अनुसार सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का प्रेरक संदेश ‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’ इस तथ्य को रेखांकित करता है कि जीवन की वास्तविक समृद्धि केवल शारीरिक स्वास्थ्य में नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक जागरूकता में निहित है। उन्होंने मानव शरीर को परमात्मा की अमूल्य देन बताते हुए इसके संरक्षण और सुदृढ़ता को जीवन के आध्यात्मिक एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक बताया है।

मिशन का मानना है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मबोध, आंतरिक शांति, मानवीय एकता और विश्वबंधुत्व की भावना को विकसित करने वाली समग्र जीवन पद्धति है। इसी उद्देश्य के तहत 21 जून को देशभर में संत निरंकारी मिशन के 1500 से अधिक केंद्रों पर एक साथ योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु, सेवादल स्वयंसेवक तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ निर्धारित की गई है। यह थीम शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक संतुलन के महत्व को भी रेखांकित करती है। संत निरंकारी मिशन इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव आदरणीय जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि वर्ष 2015 से फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रव्यापी स्तर पर योग दिवस अभियान का नियमित आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली विरासत है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और आत्मा को जागृत करने का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से तनाव और जीवनशैली से जुड़ी अनेक समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। संत निरंकारी मिशन का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ, संतुलित, ऊर्जावान और आनंदमय जीवन की ओर प्रेरित करना है, ताकि समाज में सकारात्मकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार हो सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!