रुद्रपुर – 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्टेडियम से ‘रन फॉर योगा’ एवं नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, बच्चों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘रन फॉर योगा’ प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में हिमेश राजपूत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि केवल चमियाल द्वितीय, युवराज जोशी तृतीय, भरत कुमार चतुर्थ, गणेश सिंह पंचम एवं विजय सिंह छठे स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में गौरी मनोहोरिया ने पहला स्थान हासिल किया। आयुषी कश्यप द्वितीय, पल्लवी मोहन्तो तृतीय, प्रीति चतुर्थ, आरती पंचम तथा सिद्धी छठे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के दौरान सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक समृद्ध पद्धति है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को अपनाना समय की आवश्यकता बन गया है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग सहित अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में नशामुक्ति का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए युवाओं का नशे से दूर रहना और योग जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना आवश्यक है।
आयोजन में 350 से अधिक युवा, खिलाड़ी एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर योग और स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम के दौरान योग दिवस को सफल बनाने तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी जनकी कार्की, जिला युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार, नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह रौतेला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, योग प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।

Skip to content










