Breaking News

कच्ची शराब तस्करी पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, 360 पाउच शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – कच्ची शराब की तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। अपराध निरोधक क्षेत्र हल्द्वानी, जनपदीय एवं मंडलीय प्रवर्तन दल तथा कुमाऊं दल की संयुक्त टीम ने गौलागेट और शांतिपुरी-बिंदुखत्ता क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 360 पाउच कच्ची शराब बरामद की।

आबकारी विभाग के अनुसार कार्रवाई बुधवार तड़के मुखबिर की सूचना पर शुरू की गई। रात करीब ढाई बजे से अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। सुबह करीब 4:20 बजे गौलागेट के पास बाइक संख्या UK-06-V-6890 पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। टॉर्च से रुकने का इशारा करने पर आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा, जिसके बाद टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरप्रीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह बताया। बाइक पर बंधे कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें से 150 पाउच कच्ची शराब, प्रत्येक 300 एमएल, बरामद हुई।

इसी क्रम में दूसरी टीम ने सुबह करीब 5:15 बजे शांतिपुरी, बिंदुखत्ता क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। आरोपी ने अपना नाम बब्बू मान सिंह पुत्र अमर सिंह बताया। उसके कब्जे से 140 पाउच कच्ची शराब बरामद की गई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि शराब की बिक्री बिंदुखत्ता निवासी लखवीर सिंह करता है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने उसके घर दबिश दी, जहां से 72 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई।

संयुक्त अभियान के दौरान कुल 360 पाउच कच्ची शराब जब्त की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एवं 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्रवाई में सहायक आबकारी आयुक्त हरीश जोशी, आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चंद्र जोशी एवं संजय कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!