हल्द्वानी – परिषद ट्रैफिक शाखा हल्द्वानी की मासिक बैठक शाखा अध्यक्ष कौशल किशोर जोशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन शाखा मंत्री दिनेश चंद्र भंडारी ने किया। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पूर्व में संगठन की ओर से प्रेषित आंदोलनात्मक नोटिस के संबंध में तत्काल विपक्षीय वार्ता किए जाने पर जोर दिया गया। कर्मचारियों ने कहा कि संगठन द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर वार्ता के माध्यम से समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।


कर्मचारियों ने माह की 7 तारीख तक वेतन का भुगतान नहीं होने पर गहरा रोष जताया। इसके साथ ही पूर्व में मिल रहे ड्यूटी रेस्ट को समाप्त किए जाने को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की गई। कर्मचारियों का कहना था कि व्हीकल एक्ट के विपरीत ड्यूटी रेस्ट समाप्त किए जाने से कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है।
बैठक में मार्ग पर चलने वाले चालकों के चालान किए जाने तथा चालान होने के बाद संबंधित चालकों को समय पर सूचना नहीं दिए जाने पर भी रोष प्रकट किया गया। कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर के आसपास फैली गंदगी का मुद्दा भी उठाया और स्टेशन पर तैनात उपाधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए सचेत किए जाने की मांग की।
बैठक में संगठन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता कर उनका समाधान कराया जाएगा। समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं होने पर संगठन द्वारा आगे की रणनीति तय किए जाने की बात भी कही गई।
बैठक में शाखा अध्यक्ष कौशल जोशी, शाखा मंत्री दिनेश चंद्र भंडारी, अमरपाल, राजीव भट्ट, पंकज पुरी, आनंदी शुक्ला, जसवंत सिंह, भास्कर चंद, उमेश जोशी, सुरेंद्र सिंह रावत, शबाब अली, कविता जोशी, नीम डाला, डाम अनिल, डाला कोटि, मोहित बिष्ट, सुभाष पांडे, बृजेश परिहार, कैलाश मठपाल, चंदन डंगवाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Skip to content










