हल्द्वानी – बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी हल्द्वानी नैनीताल द्वारा 8 अप्रैल 2026 से संचालित 35 दिवसीय “जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर (लघु उद्यमी)” प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद नैनीताल की 34 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त कर कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला सेवायोजन अधिकारी नैनीताल सुश्री प्रियंका गड़िया ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास के माध्यम से कार्य में दक्षता और परिपूर्णता हासिल की जा सकती है। उन्होंने प्रतिभागियों से सीखे गए कौशल को रोजगार में परिवर्तित कर आत्मनिर्भर बनने और अन्य लोगों को भी रोजगार देने के लिए प्रेरित किया।


उन्होंने कहा कि अपनी रुचि और हुनर को जीवित रखते हुए आगे बढ़ना भी एक बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
संस्थान के फैकल्टी नरेंद्र सिंह पिलख्वाल ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद भी संस्थान आगामी दो वर्षों तक प्रशिक्षणार्थियों के संपर्क में रहेगा और उन्हें निजी व्यवसाय एवं आय सृजन गतिविधियों के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में एफएलसी काउंसलर सुरेश बिष्ट सहित अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Skip to content










