5.28 करोड़ से संवरेगा रामगढ़-कैंचीधाम मार्ग, कैड़ा ने किया डामरीकरण कार्य का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रामगढ़ – रामगढ़ ब्लॉक के तल्ला रामगढ़ से झुतिया, हली होते हुए कैंचीधाम तक खराब पड़े मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। करीब 5 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के शुरू होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मंत्री का आभार व्यक्त किया।

तल्ला रामगढ़ से झुतिया, हली और कैंचीधाम को जोड़ने वाला मोटर मार्ग लंबे समय से खराब हालत में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों, किसानों के साथ ही पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने सड़क के डामरीकरण की मांग कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखी थी।

मंत्री कैड़ा ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से सड़क के डामरीकरण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। शासन से 5 करोड़ 28 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद मंगलवार को उन्होंने विधिवत कार्य का शुभारंभ किया।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण एवं डामरीकरण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों और पर्यटकों को आवागमन में राहत मिल सके।

क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण पर जोर

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ किसानों और पर्यटकों को भी इसका लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री देवेंद्र ढेला, मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय, कुंदन चिलवाल, देवेंद्र बिष्ट सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!