Breaking News

आरसेटी हल्द्वानी में महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, आत्मनिर्भरता पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी नैनीताल द्वारा संचालित 31 दिवसीय “टेलर वूमेंस गारमेंट्स” प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंगलवार को गौलापार स्थित कुंवरपुर आरसेटी परिसर में औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला सेवायोजन अधिकारी नैनीताल सुश्री प्रियंका गड़िया, खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी तनवीर असगर, सहायक खंड विकास अधिकारी प्रदीप कुमार पंत, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से जुड़े दीपक जोशी, आरसेटी फैकल्टी नरेंद्र सिंह पिलख्वाल तथा एफएलसी काउंसलर सुरेश कुमार बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम में जिले की 33 महिला एवं 2 पुरुष प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य अतिथि सुश्री प्रियंका गड़िया ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण को अनुशासन और पूरी लगन के साथ पूरा करें तथा सीखे गए कौशल का उपयोग स्वरोजगार के लिए करें। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश भी दिया।

खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर ने कहा कि निरंतर अभ्यास से किसी भी कार्य में दक्षता और परिपूर्णता हासिल की जा सकती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से सीखे गए हुनर को रोजगार का माध्यम बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित आरसेटी फैकल्टी और एफएलसी काउंसलर ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में निदेशक आरसेटी ने संस्थान की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं उत्तराखंड सरकार के सहयोग से बैंक ऑफ बड़ौदा वर्ष 2011 से नैनीताल जिले में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के स्वरोजगार इच्छुक युवाओं को निःशुल्क एवं आवासीय प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!