रोडवेज बस ने मासूम को 20 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत; गुस्साए लोगों का पथराव….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम कनक की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रोडवेज बस पर पथराव करते हुए जमकर हंगामा किया, जिससे क्षेत्र में लंबा जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके 06 पी ए 1726) ने मासूम को सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्ची को करीब 20 मीटर तक घसीट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय बच्ची के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो किसी तरह सुरक्षित बच गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

जाम का असर तिकोनिया से भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर तक देखा गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। यह हादसा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!