हल्द्वानी से मुक्तेश्वर तक रोडवेज की नई शुरुआत, यात्रियों को बड़ी राहत….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए परिवहन व्यवस्था को मजबूत करते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने हल्द्वानी से मुक्तेश्वर के बीच नई रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी है। रविवार को नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर सांसद ने कहा कि मुक्तेश्वर और रामगढ़ क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सीमित बस सेवाओं के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। नई रोडवेज सेवा शुरू होने से अब यात्रियों को सीधी, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा, जिससे पर्वतीय और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए प्रयासरत है, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

काठगोदाम में 67 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक बस टर्मिनल

बस सेवा के शुभारंभ के बाद सांसद अजय भट्ट ने काठगोदाम रोडवेज बस डिपो में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। यहां लगभग 67.28 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस टर्मिनल, कार्यशाला और पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है।

परियोजना के तहत 75 बसों की क्षमता वाला डिपो और 167 कारों की पार्किंग विकसित की जा रही है। इसके अलावा मंडलीय और क्षेत्रीय कार्यशालाएं भी तैयार की जा रही हैं, जिससे कुमाऊं के कई डिपो को एक ही स्थान पर बेहतर तकनीकी सुविधा मिल सकेगी।

परिवहन व्यवस्था सुधारने के निर्देश, नई बसों की मांग

निरीक्षण के दौरान सांसद ने परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और सचिव बृजेश संत से बातचीत कर परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त चालकों की तैनाती और करीब 200 नई बसें उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। साथ ही मल्ला रामगढ़ के पुराने बस स्टेशन की जर्जर स्थिति को सुधारने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

जुलाई 2026 तक पूरे होंगे निर्माण कार्य

अधिकारियों के अनुसार काठगोदाम बस टर्मिनल समेत सभी निर्माण कार्य जुलाई 2026 तक पूरे कर लिए जाएंगे। इस परियोजना के पूरा होने के बाद कुमाऊं क्षेत्र में परिवहन सेवाओं को नया आयाम मिलेगा।

नई बस सेवा और आधुनिक सुविधाओं से पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!