काठगोदाम – काठगोदाम से मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे इस रूट पर चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की तैयारी कर रहा है।
रेलवे की योजना के तहत यह ट्रेन अब स्थायी नंबर 21907/08 के साथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित की जाएगी। नियमित संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को किराये में करीब 30 प्रतिशत तक राहत मिलने की संभावना है।


बताया जा रहा है कि यह ट्रेन सीधे मार्ग से संचालित होती है, जिससे लंबे समय से यात्रियों की मांग बनी हुई थी। अब इसके नियमित होने से यात्रा अधिक सुविधाजनक और किफायती हो जाएगी।
वर्तमान में काठगोदाम से मुंबई तक स्लीपर क्लास में करीब 430 रुपये, एसी थर्ड में लगभग 1120 रुपये और एसी सेकेंड में करीब 1515 रुपये किराया लगता है। नियमित सेवा शुरू होने के बाद इन किरायों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के नियमित संचालन की तिथि जल्द तय की जाएगी और इसके बाद आधिकारिक समयसारिणी जारी कर दी जाएगी। इस फैसले से काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी और सस्ती रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

Skip to content









