हल्द्वानी। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) 2026 के पांचवें मुकाबले में रॉयल राइडर्स पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोनार्क सूर्यास ओडिशा को 43 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ पंजाब ने टूर्नामेंट में मजबूत स्थिति बना ली। वहीं सोमवार को एलएलसी 2026 के छठे मुकाबले में भारतीय कप्तान टीम का सामना सदर्न सुपर स्टार्स से होगा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल राइडर्स पंजाब ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 156 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। उन्होंने 35 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनके साथ दनुष्का गुनातिलका ने 21 गेंदों में 23 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी हुई।


इसके बाद चतुरंगा डी सिल्वा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 28 रन बनाए और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। अंतिम ओवरों में थिसारा परेरा और एंजेलो परेरा ने उपयोगी रन जोड़कर पंजाब को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। कोनार्क सूर्यास ओडिशा की ओर से सौरिन ठाकर, अंकित राजपूत और फैज अहमद खान ने दो-दो विकेट लिए।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोनार्क सूर्यास ओडिशा की टीम रॉयल राइडर्स पंजाब की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। टीम की ओर से मोर्ने वैन विक ने 38 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।
ओडिशा की शुरुआत ही लड़खड़ा गई जब केन्नार लुईस जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कप्तान जर्मेन ब्लैकवुड और चिराग गांधी भी अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। फैज अहमद खान ने तेज 15 रन बनाकर रन गति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन लगातार विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 20 ओवर में 113 रन पर ऑलआउट हो गई।
रॉयल राइडर्स पंजाब की ओर से एंजेलो परेरा, थिसारा परेरा और फरमान अहमद ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि आफताब आलम, ऋषि धवन और चतुरंगा डी सिल्वा ने एक-एक विकेट लेकर टीम को शानदार जीत दिलाई।

Skip to content










