पिता का सिर फोड़ा, बेटी से दुष्कर्म की धमकी; वनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर के वनभूलपुरा क्षेत्र में मारपीट और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने पिता के साथ मारपीट कर उनका सिर फोड़ दिया और उनकी बेटी के साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जवाहर नगर निवासी शकील अहमद पुत्र जमीर अहमद ने वनभूलपुरा कोतवाली में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनके मोहल्ले का ही रहने वाला सद्दाम उर्फ समीर पुत्र ताहिर हुसैन अक्सर क्षेत्र में लोगों से झगड़ा करता रहता है। इससे पहले भी आरोपी द्वारा उनके परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की घटना हो चुकी है, जिसे उस समय स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद समझौते के जरिए सुलझा लिया गया था।

पीड़ित के अनुसार 14 मार्च को दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपनी बेटी सदफ के साथ किसी काम से हल्द्वानी रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंच गया और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसने उनकी बेटी के साथ बदतमीजी और अश्लील हरकत भी की तथा दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी दी।

मारपीट में शकील अहमद के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उनका मेडिकल भी कराया गया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी की हरकतों से उनका परिवार डरा हुआ है और भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर वनभूलपुरा कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक बबीता मेहरा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!