20 मार्च तक हल्द्वानी में होंगे एलएलसी 2026 के मुकाबले, इसके बाद दून में होगा अगला चरण
हल्द्वानी। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) 2026 के चौथे मुकाबले में मुंबई स्पार्टन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया टाइगर्स को 17 रनों से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई स्पार्टन्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। जवाब में इंडिया टाइगर्स की टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 143 रन ही बना सकी।


मुंबई स्पार्टन्स की ओर से भरत चिप्ली ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 42 रन की तेज पारी खेली, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। मौसिफ खान ने भी पावरप्ले में 9 गेंदों में 18 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि शादाब जकाती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर तीन विकेट झटके और इंडिया टाइगर्स को मैच में वापसी दिलाने की कोशिश की। मध्यक्रम में असद पठान ने 32 गेंदों में 25 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि राहुल यादव 18 रन बनाकर नाबाद रहे। अंत में शोएब खान ने 9 गेंदों में 17 रन बनाकर टीम का स्कोर 160/8 तक पहुंचा दिया।
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया टाइगर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। मुंबई स्पार्टन्स के तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत ने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर अमितोज सिंह और तिलकरत्ने दिलशान को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया, जिससे टीम का स्कोर 1 रन पर 2 विकेट हो गया।
इसके बाद अमित पौनिकर ने 10 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कामाऊ लेवरॉक ने 37 गेंदों में 49 रन की जुझारू पारी खेलते हुए टीम को संभालने का प्रयास किया। उन्हें कुलदीप हुड्डा का साथ मिला, जिन्होंने 39 रन बनाकर नाबाद पारी खेली। कप्तान पवन नेगी ने भी 23 रन का योगदान दिया, लेकिन शुरुआती झटकों से टीम उबर नहीं सकी।
मुंबई स्पार्टन्स की ओर से एस. श्रीसंत और अमित वर्मा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सुबोथ भाटी और मनन शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल कर इंडिया टाइगर्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और टीम को 17 रनों से जीत दिलाई।
रविवार को एलएलसी 2026 के पांचवें मुकाबले में कोनार्क सूर्यास ओडिशा और रॉयल राइडर्स पंजाब के बीच भिड़ंत होगी। साथ ही एलएलसी 2026 के मुकाबले 20 मार्च तक हल्द्वानी में खेले जाएंगे, जिसके बाद टूर्नामेंट का कारवां दून (देहरादून) के लिए रवाना होगा।

Skip to content










