रुद्रपुर – रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार और अवैध हथियारों की घटनाओं को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जनपद उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मुलाकात कर चिंता जताई। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मुलाकात के दौरान राजकुमार ठुकराल ने एसएसपी को अवगत कराया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे युवाओं और समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से अपराधों में भी वृद्धि हो रही है, इसलिए इस पर प्रभावी अंकुश लगाना बेहद जरूरी है।


इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में अवैध तमंचों की उपलब्धता और उनके दुरुपयोग के मामलों पर भी चिंता व्यक्त की। ठुकराल ने कहा कि अवैध हथियारों की वजह से कानून व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों में भय का माहौल बनता है, इसलिए ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
पूर्व विधायक ने नाबालिग बच्चों के उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को भी एसएसपी के सामने रखा और कहा कि समाज में इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस से ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस पर एसएसपी अजय गणपति ने पूर्व विधायक की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि पुलिस इन सभी मुद्दों को पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ ले रही है। उन्होंने कहा कि अवैध नशे, अवैध हथियारों और बच्चों के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

Skip to content











