रसोई गैस के दाम बढ़ाकर मोदी सरकार ने गरीब का चूल्हा बुझाने का काम किया: ज्योति रौतेला….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी को लेकर महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर गरीब तथा मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद सरकार ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में राहत नहीं दी। इसके चलते आम लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है और गृहिणियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार अपने चरम पर हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाकर अन्य विषयों में उलझाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

उन्होंने कहा कि देश में फल, सब्जी, दाल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने लोगों की कमर तोड़ दी है।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार से मांग करती है कि रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कमी की जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि

यदि सरकार इस दिशा में जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा ढौंडियाल, उपाध्यक्ष चन्द्रकला नेगी, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह तथा प्रदेश महासचिव अनुराधा तिवाड़ी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!