नैनीताल – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर नैनीताल पुलिस की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण कर माल्यार्पण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
एसएसपी ने जनपद के समस्त पुलिस बल को गांधी और शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों का राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सहिष्णुता के आदर्शों तथा शास्त्री जी के मेहनत, सादगी और समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।


ईमानदारी और समर्पण से निभाएं कर्तव्य
एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण के साथ करें। समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की सहायता के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहे। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए।
पर्यावरण मित्रों को किया सम्मानित
गांधी जयंती को स्वच्छता के प्रतीक दिवस के रूप में मनाते हुए एसएसपी ने पुलिस विभाग में कार्यरत पर्यावरण मित्रों (स्वच्छकों) का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वच्छता कार्य में योगदान देने वाले कर्मचारियों को उपहार वितरित कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस कार्यालय नैनीताल और एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में कार्यालय स्टाफ के साथ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया।
जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों तथा प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों ने थाना-चौकी परिसरों में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Skip to content










