नानकमत्ता। नानकसागर डैम पार बिसौटा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। क्षेत्र में नवीन पुलिस चौकी की शुरुआत की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ नई पुलिस चौकी का शुभारंभ किया।
चौकी के उद्घाटन के दौरान ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। नानकमत्ता, खटीमा और सितारगंज से पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


नई पुलिस चौकी खुलने से नानकसागर डैम के पार स्थित बिसौटा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और निगरानी बढ़ने की उम्मीद है। क्षेत्र में लगातार गश्त के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
ग्राम प्रधान जमुना देवी ने नई चौकी खुलने पर पुलिस प्रशासन का आभार जताया। जिला पंचायत सदस्य भास्कर संभल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित होने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में पुलिस को मदद मिलेगी।
नशे और अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि क्षेत्र के आसपास नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। पुलिस ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि नई चौकी के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ेगी तथा ग्रामीणों को पुलिस सहायता के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
फिलहाल नई चौकी पर पांच पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। चौकी के संचालन से नानकसागर डैम पार के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Skip to content











