कालाढूंगी – चकलुवा क्षेत्र में चौधरी गेट के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया।
हादसे में धरमपाल (45) पुत्र जगदीश, निवासी भाखड़ा पुल के पास लामाचौड़ की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दूसरे युवक अमर सिंह (40) पुत्र धर्मवीर, निवासी लामाचौड़ की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अमर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दुर्घटना किस वाहन से हुई और हादसे के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी लेने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Skip to content










