हल्द्वानी – कैंची धाम दर्शन के लिए निकले दो युवकों की बाइक सिडकुल चौक के पास अचानक सड़क पर आए गोवंश से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 22 वर्षीय मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बलिया निवासी विक्की खरवाल दिल्ली में रहकर पेंट का काम करता था। वह अपने 22 वर्षीय मौसेरे भाई राहुल के साथ कैंची धाम जाने के लिए 12 सितंबर को दिल्ली से निकला था। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान कुछ समय तक बाइक विक्की का दोस्त चला रहा था, लेकिन बाद में विक्की ने बाइक की कमान संभाल ली।


13 सितंबर को सिडकुल चौक के पास अचानक सड़क पर गोवंश आ जाने से बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई, जबकि राहुल को भी गंभीर चोटें आईं। राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया।
परिजनों के मुताबिक विक्की के पिता बृजेश का करीब दो-तीन वर्ष पहले निधन हो चुका था। अब हादसे में विक्की की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Skip to content










