रामनगर – जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संगीन आपराधिक मामलों में लिप्त गैंगस्टर गैंग के सरगना कौशल चिलवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।


पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को जिलाधिकारी नैनीताल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुमोदन के बाद कोतवाली रामनगर में कौशल चिलवाल और उसके गैंग के अन्य सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम की धारा 2/3 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस गैंग में हर्षित कोहली, तनिष्क बोहरा और आकरित राघव भी शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग का सरगना कौशल चिलवाल है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी रामनगर कोतवाली में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा उसे गुण्डा घोषित करते हुए जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित की गई थी, लेकिन आरोपी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए फरार चल रहा था।
पुलिस को 18 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कौशल चिलवाल रामनगर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रेलवे के खाली मैदान, चोरपानी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं गैंग के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच जारी है।

Skip to content











