रुड़की – रुड़की के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव मंगलवार रात केंद्र के शौचालय में मिला। मृतक के गले पर धारदार हथियार के निशान मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष (37) को करीब तीन माह पहले नशे की लत छुड़ाने के लिए सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। मंगलवार देर रात नशा मुक्ति केंद्र के संचालक ने शौचालय में आशीष का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में मृतक के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज पर हत्या का शक जताया है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नशा मुक्ति केंद्र के संचालक समेत वहां भर्ती अन्य मरीजों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Skip to content










