कालाढूंगी – क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास छोटा हाथी वाहन और रेता से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में छोटा हाथी चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटा हाथी का चालक वाहन के अंदर ही फंस गया।

घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद कोतावाली कालाढूंगी से उपनिरीक्षक बलवीर चन्द्र पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार छोटा हाथी वाहन हल्द्वानी से कालाढूंगी की ओर जा रहा था, जिसमें डीजे का सामान लदा हुआ था। वहीं दूसरी ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेता भरा हुआ था।



प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भिड़ंत इतनी भीषण थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से वाहन की खिड़की काटनी पड़ी। इसके बाद घायलों को हंस फाउंडेशन की एंबुलेंस से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया।

हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटवाकर खुलवाया। फिलहाल पुलिस ने यातायात सुचारू कर दिया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। घायल व्यक्तियों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

Skip to content










