हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर प्रशासन और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी गुरुदेव सिंह के नेतृत्व में देव भूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल तथा कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण में पाया गया कि कुछ प्रशिक्षण संस्थानों के पास पर्याप्त संसाधन, पार्किंग व्यवस्था और आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं हैं, इसके बावजूद प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे थे।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि देव भूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं।
वहीं निर्मल मोटर ट्रेनिंग स्कूल का पंजीकरण रामनगर में होने के बावजूद उसका संचालन हल्द्वानी के आरटीओ रोड पर किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्रवाई के तहत अगले आदेश तक प्रशिक्षण केंद्र को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक इन तीनों ड्राइविंग स्कूलों में पर्याप्त संसाधन, पार्किंग व्यवस्था और आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक उनका संचालन बंद रहेगा।
निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि देव भूमि और जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों के ऑनलाइन पोर्टल संचालित नहीं थे। वहीं ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण के नाम पर फीस वसूली की शिकायत की जांच में संबंधित संस्थान का लाइसेंस निरस्त पाया गया। शिकायतकर्ता से लिए गए 1100 रुपये भी वापस कराए गए।
अपर जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि परिवहन विभाग से संबंधित कार्य सीधे आरटीओ कार्यालय के माध्यम से ही कराएं, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी और अनियमितता से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी हल्द्वानी प्रमोद कुमार, एआरटीओ ए.के. सिंह, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Skip to content











