रामनगर-काशीपुर रोड की बदहाली पर धामी सरकार सख्त, तय समय में भरेंगे सड़क के गड्ढे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रामनगर/हल्द्वानी – रामनगर-काशीपुर रोड की बदहाल स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सड़क मरम्मत कार्य की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही कुमाऊं मंडल की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर तय समय में गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत रामनगर-काशीपुर मार्ग पर चल रहे पैच मरम्मत कार्य की प्रतिदिन समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क मरम्मत के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए।

18 किमी में 11.5 किमी सड़क की मरम्मत पूरी

मंडलायुक्त दीपक रावत ने बताया कि काशीपुर से रामनगर प्रभाग में रामनगर-काशीपुर मार्ग के कुल 18 किलोमीटर हिस्से में पैच मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 11.5 किलोमीटर हिस्से में पैच मरम्मत का कार्य पूरा किया जा चुका है।

कार्य में तेजी लाने के लिए प्लांट और कार्यस्थल पर 30 से अधिक श्रमिक लगाए गए हैं। अधिकारियों को शेष कार्य को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मशीनरी और सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था

मंडलायुक्त के अनुसार सड़क मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक मशीनरी एवं सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पैच मरम्मत में आवश्यकता के अनुसार 3 स्टेटिक रोलर, 1 वाइब्रेटर रोलर, 1 पेवर, 2 टार बॉयलर, 8 टिपर और 1 जेसीबी का उपयोग किया जा रहा है।

इसके अलावा प्लांट में 50 मीट्रिक टन बिटुमिन की पूर्ण क्षमता उपलब्ध है। सड़क मरम्मत के लिए आवश्यक 6 एमएम, 10 एमएम और 20 एमएम ग्रिट भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं : मंडलायुक्त

मंडलायुक्त दीपक रावत ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि सड़क को गड्ढामुक्त करने के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता और प्रगति दोनों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य में तेजी के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सड़क की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे।

कुमाऊं की प्रमुख सड़कों पर भी नजर

मंडलायुक्त ने कहा कि रामनगर-काशीपुर मार्ग के साथ ही कुमाऊं मंडल की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए चल रहे कार्यों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रमुख मार्गों की मरम्मत का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सड़क की स्थिति, मरम्मत की प्रगति और कार्य की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!