नैनीताल – जनपद नैनीताल पुलिस में पदोन्नत होकर स्थानांतरित हो रहे दो अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी गई। कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
समारोह में उपनिरीक्षक (एम) हेम चंद्र सती, जो अब रेंज कार्यालय नैनीताल में अपनी सेवाएं देंगे, तथा निरीक्षक सशस्त्र पुलिस रमेश सिंह नेगी, जो पदोन्नति के बाद 31वीं वाहिनी पीएसी में स्थानांतरित हुए हैं, को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।


इस दौरान अधिकारियों के कार्यकाल के दौरान दिए गए योगदान की सराहना की गई। हेम चंद्र सती को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समयबद्ध कार्यशैली और सौम्य व्यवहार के लिए सराहा गया। वहीं रमेश सिंह नेगी द्वारा वीआईपी ड्यूटी, एस्कॉर्ट और अन्य जिम्मेदारियों के कुशल निर्वहन की भी प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्य अनुभवों को साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
अपने संबोधन में एसएसपी ने कहा कि पदोन्नति केवल पद वृद्धि नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अधिकारी नई तैनाती में भी इसी लगन और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
समारोह में पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

Skip to content









