हल्द्वानी – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को जिले में मदिरा दुकानों के खिलाफ राजस्व विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान कालाढूंगी और लालकुआं क्षेत्र की कई दुकानों में शराब एमआरपी से अधिक दाम पर बेचे जाने (ओवररेटिंग) का मामला सामने आया।
कालाढूंगी मुख्य बाजार स्थित विदेशी मदिरा की दुकान पर उपजिलाधिकारी विपिन पंत के नेतृत्व में की गई ओचक छापेमारी में टीम ने खुद ग्राहक बनकर रॉयल स्टैग की बोतल खरीदी। जांच में पाया गया कि निर्धारित मूल्य से 10 रुपये अधिक वसूले गए। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां कई अन्य ग्राहकों ने भी ओवररेटिंग की पुष्टि की। जांच में स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में अंतर, बिलिंग मशीन बंद होना, सीसीटीवी में बिना बिल बिक्री और दुकान के बाहर रेट लिस्ट न होना जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।


वहीं लालकुआं क्षेत्र में उपजिलाधिकारी रेखा कोहली द्वारा चार मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया, जहां सभी दुकानों में ओवररेटिंग पाई गई। साथ ही बिलिंग मशीन खराब, स्टॉक व बिक्री पंजिका अपूर्ण, पुलिस सत्यापन न होना जैसी खामियां भी उजागर हुईं। राजस्व विभाग की टीम ने सभी मामलों में साक्ष्य एकत्र कर संबंधित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई हेतु जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध वसूली करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।

Skip to content










