Breaking News

एलएलसी 2026: इंडिया टाइगर्स की शानदार जीत, रॉयल राइडर्स पंजाब को 20 रनों से हराया…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) 2026 के दूसरे मुकाबले में इंडिया टाइगर्स ने रॉयल राइडर्स पंजाब को 20 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया टाइगर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। किर्क एडवर्ड्स और कप्तान तिलकरत्ने दिलशान जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम चार ओवर के भीतर 31/2 पर सिमट गई। इसके बाद समित पटेल शून्य पर आउट हुए और मिलिंडा सिरिवर्धना भी केवल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। नौवें ओवर तक टीम का स्कोर 48/4 हो गया था।

मुश्किल हालात में कुलदीप हुड्डा ने पारी को संभाला और 38 गेंदों में 48 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। जीवन मेंडिस ने भी उनका साथ दिया, हालांकि वह ज्यादा देर टिक नहीं सके।

अंतिम ओवरों में पवन नेगी ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 41 रन ठोक दिए। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। अमित पौनिकर ने भी 7 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाकर टीम को मजबूत अंत दिलाया। इस तरह इंडिया टाइगर्स ने 20 ओवर में 168/8 का स्कोर खड़ा किया।

रॉयल राइडर्स पंजाब की ओर से अनुरीत सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि फरमान अहमद ने 2 विकेट झटके।

169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल राइडर्स पंजाब को मोहम्मद शहजाद ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने मात्र 18 गेंदों में 48 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम ने चार ओवर से पहले ही 50 रन पूरे कर लिए। हालांकि सुमित सिंह ने उन्हें आउट कर पारी को झटका दिया।

इसके बाद ऋषि धवन ने 45 रन की संयमित पारी खेली, जबकि कप्तान असगर अफगान ने 31 गेंदों में 28 रन बनाए। बावजूद इसके टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 20 ओवर में 148/9 रन ही बना पाई।

इंडिया टाइगर्स की ओर से जीवन मेंडिस ने 2/14 के साथ शानदार गेंदबाजी की। अबू नेचिम, पवन नेगी और समित पटेल ने भी दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

एलएलसी 2026 का तीसरा मुकाबला शुक्रवार को कोनार्क सूर्यास ओडिशा और सदर्न सुपर स्टार्स के बीच खेला जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!